सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन-सीबीएसई की ओर से इस साल की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 4 मई से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं 7 जून तक जबकि 12वीं की परीक्षाएं 11 जून तक चलेंगी। परीक्षाओं के नतीजे 15 जुलाई 2021 तक जारी किए जाएंगे। प्रैक्टिकल एग्जाम 1 मार्च से 11 जून 2021 के बीच होंगे। इसके बावजूद बोर्ड ने अपने सभी सम्बद्ध स्कूलों को 9वीं और 11वीं के एनुअल एग्जाम समय से करावकर नया एकेडमिक सेशन 01 अप्रैल से शुरू करने को कहा है।
बोर्ड की ओर से कहा गया है कि स्कूलों को ऑफ लाइन क्लासेस के लिए स्टूडेंट्स का स्वागत करने के लिए तैयार रहना चाहिए। स्कूल खुलने से स्टूडेंट्स राइटिंग स्किल्स की प्रैक्टिस कर पाएंगे और डाउट्स क्लीयर कर पाएंगे। इस वक्त शिक्षकों को भी हर एक स्टूडेंट पर ध्यान देना चाहिए। देखें कि कोई स्टूडेंट ऑनलाइन क्लासेस के दौरान ज्यादा पीछे तो नहीं रह गया। अगर ऐसा है तो उसकी परेशानियों का समाधान करें। इससे उन्हें प्रैक्टिकल और थ्योरी एग्जाम की तैयारी में मदद मिलेगी। साथ ही बोर्ड ने टीचर्स को स्टूडेंट्स के डाउट्स दूर करने और ऑनलाइन क्लास के कारण पढ़ाई में हुए गैप को कम करने की सलाह दी है।
क्लास 9 और 11 के स्टूडेंट्स के लिए भी स्कूलों को ये कदम उठाना चाहिए। लर्निंग गैप को कम करने के लिए नये सेशन की शुरुआत में स्कूल्स ब्रिज कोर्स चला सकते हैं। लर्निंग गैप का समाधान करने के बाद कोविड से सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन करते हुए उनके फाइनल एग्जाम्स लें।
गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं इस साल मार्च की जगह मई-जून में ली जा रही हैं। बोर्ड एग्जाम्स में देर होने के बाद स्कूलों में इस बात को लेकर उलझन पैदा हो गई थी कि अन्य क्लासेस के फाइनल एग्जाम्स और नए सेशन की शुरुआत कब की जाए। कई स्कूलों से ऐसे सवाल मिलने के बाद अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस संबंध में नोटिस जारी कर जानकारी दी है। कोविड-19 से सुरक्षा के मानदंडों का ध्यान रखते हुए अधिकांश राज्यों में स्कूल्स खोले जा चुके हैं। उम्मीद है कि जल्दी ही अन्य राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में भी स्कूल खुल जाएंगे। यह भी कहा है कि क्लासेस के संचालन और परीक्षाओं के आयोजन के दौरान कोरोना से बचाव संबंधी उपायों का सख्ती से पालन करना चाहिए। वर्ष 2021-22 के लिए नये सेशन की शुरुआत अप्रैल 2021 से करना ही उचित रहेगा। स्कूल्स संबंधित राज्य सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार जितना संभव हो सके, 01 अप्रैल 2021 से नये सेशन की शुरुआत करें।
10वीं-12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम 1 मार्च से 11 जून के बीच
बोर्ड ने इसके साथ ही प्रैक्टिकल एग्जाम की तारीखें भी जारी कर दी है। बोर्ड ने सभी सम्बद्ध स्कूलों को सर्कुलर जारी कर जानकारी दी कि 10वीं. 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम 1 मार्च से 11 जून 2021 के बीच होंगे। सभी स्कूलों को सभी प्रोजेक्ट असाइनमेंट और इंटर्नल असेसमेंट भी 11 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रैक्टिकल एग्जाम के लिए अधिकतम अंक
10वीं-2वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए भी कई निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अनुसार स्कूलों को प्रैक्टिकल या इंटर्नल असेसमेंट के लिए निर्धारित अधिकतम अंकों का ध्यान रखना होगा। दोनों ही क्लासेस के विभिन्न विषयों के लिए अधिकतम 20 अंक निर्धारित किए गए हैं। हालांकि, एनसीसी के लिए अधिकतम अंक 30 है। प्रैक्टिकल एग्जाम की डेटशीट और अंक की ज्यादा जानकारी के लिए स्टूडेंट्स नोटिफिकेशन देख सकते हैं।
प्रैक्टिकल एग्जाम के दौरान कोविड-19 के लिए निर्देश
परीक्षा की तारीख जारी करने के साथ ही बोर्ड ने परीक्षा के दौरान पालन किए जाने वाली कोरोना गाइडलाइंस भी जारी की है। इन निर्देशों का पालन स्टूडेंट्स के साथ भी सभी स्कूलों के टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ को भी करना होगा। बोर्ड ने इन निर्देशों का पालन न करने पर स्कूलों पर 50 हजार रुपए का फाइन लगाने की घोषणा की है।
इन निर्देशों का करना होगा पालन
• हर बैच के प्रैक्टिकल एग्जाम के बाद लैब को 1 फीसदी सोडियम हाइपोक्लोराइट से सैनिटाइज करना होगा।
• लैब में सैनिटाइजर उपलब्ध कराना होगा।
•लैब में ढ़के कूड़ेदान होने चाहिए और इसे समय.समय पर साफ करना होगा।
•25 स्टूडेंट्स के ग्रुप को दो भागों बांटा जा सकता है।
•परीक्षा के दौरान स्टूडेंट्स को मास्क लगाना होगा। बार-बार हाथ धोने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।
प्राइवेट कैंडिडेट्स 25 फरवरी तक भर सकेंगे फॉर्म
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन ने बोर्ड परीक्षा 2021 में शामिल होने वाले 10वीं-12वीं के प्राइवेट कैंडिडेट्स के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। पिछले साल के सेकंडरी और सीनियर सेकंडरी क्लासेस के ऐसे स्टूडेंट्स जो कि इस बार प्राइवेट कैंडिडेट के तौर पर परीक्षा फॉर्म नहीं भर सके थे, वे अब 25 फरवरी शाम 5 बजे तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। कैंडिडेट्स बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। बोर्ड ने यह भी साफ किया कि परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख अब नहीं बढ़ाई जाएगी। साथ हीए कैंडिडेट्स अपने परीक्षा केंद्र का चुनाव ध्यान से करेंए क्योंकि बाद में परीक्षा केंद्र बदले नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा प्राइवेट कैंडिडेट के तौर पर परीक्षा फॉर्म भर रहे स्टूडेंट्स बोर्ड की वेबसाइट पर 23 अक्टूबर 2020 को जारी सर्कुलर जरूर पढ़ लें।


