PSEB Exam postponed कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने राज्य में 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
पंजाब बोर्ड एग्जाम कंट्रोलर जनकराज महरोक ने बताया कि 10वीं की परीक्षा अब 04 मई 2021 से शुरू होगी। यह पहले 09 अप्रैल से होनी थी।12वीं की परीक्षाएं अब 22 मार्च की जगह 20 अप्रैल से शुरू होंगी। Board Exams 2021 24 मई तक चलेंगे। परीक्षाएं 3 घंटे की और दो शिफ्ट्स में होंगी। 10वीं के पेपर सुबह 10.15 बजे से और 12वीं के दोपहर 2.15 से शुरू होंगे। दोनों कक्षाओं में इस बार पंजाब बोर्ड एग्जाम में करीब 6.40 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।
पंजाब में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 1843 नए मामले आए और 27 मौत दर्ज हुई। इसके बाद अमृतसर जिले में प्रशासन ने सख्ती लागू कर दी गई है। किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों के पास कोविड निगेटिव की रिपोर्ट या वैक्सीन लगने का प्रमाण होना अनिवार्य कर दिया गया है।
बता दें कि पंजाब में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़़ रहा है। कई जिलों में छात्र और शिक्षक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। विद्यार्थियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया है। राज्य में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के बाद पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। इसी मामले को लेकर बोर्ड के उच्च अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें कोरोना के बढ़ते मामलों व सीबीएसई समेत अन्य बोर्ड की डेटशीट पर मंथन हुआ। इसके बाद बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने की घोषणा की गई। पहले 22 मार्च से 12वीं की परीक्षा होनी थी। अब यह परीक्षा 20 अप्रैल से शुरू होकर 24 मई तक चलेगी। वहीं 10वीं की परीक्षा पहले नौ अप्रैल से शुरू होनी थी। लेकिन अब यह परीक्षा चार मई से 24 मई के बीच में आयोजित होगी। परीक्षा पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा स्थापित केंद्रों में करवाई जाएगी। जिनकी घोषणा रोल नंबर जारी करते समय की जाएगी।
बोर्ड एग्जाम (PSEB Board Exam) डेटशीट के संबंध में अधिक जानकारी पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ऑफिशियल बेवसाइट pseb.ac.in पर अपलोड कर दी गई है। इसके अलावा फोन पर भी परीक्षा की जानकारी हासिल कर सकते हैं। 12वीं कक्षा की परीक्षा के बारे में जानकारी फोन नंबर 0172 5227151 और 10वीं कक्षा की परीक्षा की जानकारी फोन नंबर 0172 5227324 पर हासिल कर सकते हैं।


