मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 10वी और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके मुताबिक 10वीं की परीक्षाएं 30 अप्रैल से 15 मई तक होगी जबकि 12वीं की परीक्षाएं 01 मई से 18 मई तक चलेंगी। स्टूडेंट्स ऑफिशियल पोर्टलhttp://www.mpbse.nic.in से टाइम टेबल डाउनलोड कर सकते हैं।
स्कूल शिक्षा मंत्री सोमवार को कक्षा 6वीं और 8वीं की परीक्षा को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद ही इन कक्षाओं की परीक्षाओं पर निर्णय होगा।
पिछले सत्र 2020 की परीक्षा के लिए टाइम टेबल 12 दिसंबर 2019 को जारी किया गया था। इस वर्ष कोरोना महामारी के कारण परीक्षा देर से आयोजित की जा रही है। सत्र 2019.20 की परीक्षा 3 मार्च 2020 से शुरू हुई थी और अंतिम कुछ पेपर कोरोना वायरस के कारण स्थगित कर दिए गए थे।
सुबह 7.30 बजे उपस्थित होना जरूरी
परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को सुबह 7.30 बजे उपस्थित होना जरूरी है। छात्रों को सुबह 7.45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। उसके बाद आने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। 10वीं परीक्षा 30 अप्रैल से शुरू होगी। अंतिम पेपर 15 मई 2021 को होगा। समय सुबह 8 बजे से दोपहर 11 बजे तक रहेगा। 12वीं परीक्षा 1 मई शुरू होगी। अंतिम पेपर 18 मई 2021 को होगा। समय सुबह 8 बजे से दोपहर 11 बजे तक होगा।
इस साल दो बार होगी परीक्षा
इस साल बोर्ड परीक्षा में कई बदलाव भी किए गए हैं। इसके तहत एमपी बोर्ड इस साल दो बार परीक्षा आयोजित करेगी। 30 अप्रैल से होने वाली परीक्षा में जो स्टूडेंट्स पास नहीं होंगें, उनके लिए जुलाई में फिर से परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के पैटर्न में भी बदलाव
बोर्ड ने 2020-21 के लिए 10वीं, 12वीं की परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किया है। इस साल 10वीं और 12वीं परीक्षा में 30 प्रतिशत ऑब्जेक्टिव टाइप के सवाल शामिल किए जाएंगे। यह एक एक नम्बर के होंगे। बोर्ड ने नए परीक्षा पैटर्न का ब्लू प्रिंट ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी कर दिया है। 30 प्रतिशत सवाल लघु उत्तरीय होंगे जो 3 माक्र्स के होंगे। तार्किक दीर्घ उत्तरीय सवाल 40 प्रतिशत होंगे जो 4 अंक के होंगे।


