
अगर आपमें चुनौतियों से जूझने और उन्हें मुंह तोड़ जवाब देते हुए जीत हासिल करने का जज्बा है तो यकीन मानिए, भारतीय सेना आपका इंतजार कर रही है। इसकी रौबीली वर्दी, देशभक्ति और उच्च गुणवत्ता वाला अनुशासित जीवन हर किसी को आकर्षित करता है। यदि आप देश सेवा का गर्व और नित नए रोमांच चाहते हैं तो सेना में करियर बनाएं। आपको जानकर अच्छा लगेगा कि सेना में सिविल सेवा के अधिकारियों से ज्यादा वेतन और सुविधाएं भी मिलती हैं। सेना में करियर आज के समय में सर्वश्रेष्ठ करियर विकल्पों में से एक है।
भारतीय सेना सेना न केवल दुश्मन देशों और आतंकवादियों से रक्षा करती है, बल्कि बाढ़, भूकंप और सूनामी जैसे आपातकाल में राहत कार्य भी करती है। संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के रूप में मानवीय कार्यों में भी सेना शामिल रहती है। भारतीय सेना ने दोनों विश्वयुद्ध में भाग लिया है। आजादी के बाद सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ चार युद्ध 1947, 1965, तथा 1971 में लड़े हैं जबकि एक बार चीन से 1962 में भी युद्ध हुआ है। इसके अलावा 1999 में एक कारगिल युद्ध पाकिस्तान के साथ फिर से लड़ा गया था।
दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में
संख्या की दृष्टि से यदि देखा जाए तो भारतीय थलसेना चीन के बाद पूरी दुनिया में दूसरे नम्बर पर है। सेना को मुख्यत: तीन वर्गों में बांटा गया है। भारतीय थलसेना, भारतीय जलसेना और भारतीय वायुसेना। इस सेना के सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति होते हैं तथा सेना का प्रबंधन भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा किया जाता है। भारतीय सेना को विभिन्न प्रभागों में या डिवीजन में विभाजित किया गया है जिनमें इंफैंट्री, आर्टिलेरी, आर्मर्ड कोर अभियंता, सिग्नल्स, आर्मी सर्विस कोर, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल अभियंता, इंटेलिजेंस कोर, ऑर्डिआंस कोर, आर्मी मेडिकल कोर, नर्सिंग ऑफिसर, डेंटल ऑफिसर, एजुकेशनल कोर, पोस्टल सर्विसेस, सैन्य पुलिस, जज एडवोकेट जनरल, वेटेरिनरी कोर शामिल हैं। आप इनमें शामिल होकर शानदार करियर बना सकते हैं।
सेवा के साथ भी, बाद भी
सेना में अधिकारियों को सिविल सेवा के अधिकारियों से ज़्यादा वेतन और सुविधाएं भी मिलती हैं। इन्हें एंट्री लेवल पे के रूप में महंगाई भत्ते के साथ 50 हजार रुपया वेतन दिया जाता है। आवास, राशन और यूनिफॉर्म भत्ता दिया जाता है। चाइल्ड एजुकेशन अलॉवेंस, एंटाइटेल्ड राशन, वार्षिक अवकाश दो महीने और आकस्मिक अवकाश 20 दिन, हवाई यात्रा पर रियायत। सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए-अंतिम वेतन ड्रा के 50 फीसदी पर पेंशन, डेथ कम रिटायरमेंट ग्रेच्युटी, स्व और आश्रितों के लिए मुफ्त चिकित्सा उपचार, कैंटीन की सुविधाएं पहले की तरह, बीमा, पुनर्वास के अवसर। सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए एमबीए प्रोग्राम भी है।