कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन के बाद से घर में ही 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। इनकी बोर्ड परीक्षाएं 15 मई से 15 जून के बीच आयोजित की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सौरभ स्वामी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 15 मई के आसपास शुरू हो जाएगी और 15 जून तक खत्म हो जाएंगी। बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारी पूरी कर ली गई। बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जा सकता है। अर्धवार्षिेक परीक्षा इस बार नहीं होने के संकेत देते हुए स्वामी ने बताया कि अन्य परीक्षाएं विभाग द्वारा निर्धारित समयावधि में करायी जाएंगी। दरअसल, बोर्ड इस बार सीबीएसई परीक्षाओं के समय से ही परीक्षा करवाना चाहता है। परिणाम जुलाई में जारी किया जा सकता है।
प्रायोगिक परीक्षा बाद में होगी
आमतौर पर प्रायोगिक परीक्षाएं पहले होती हैं और लिखित परीक्षाएं उसके बाद होती है। लेकिन इस बार प्रायोगिक परीक्षा बाद में होगी। राजस्थान बोर्ड में संभवत: पहली बार लिखित परीक्षा के बाद 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं होंगी।
21 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे बोर्ड की परीक्षा में
राज्यभर के करीब 21 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं व 12वीं कक्षाओं के लिए आवेदन किया है। इसमें 10वीं के लिए करीब 11 लाख और 12वीं के लिए 10 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
नहीं होंगी अर्धवार्षिक परीक्षा
वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते राजस्थान में इस बार अर्धवार्षिेक परीक्षाएं नहीं होगी। वार्षिक परीक्षा के आधार पर ही विद्यार्थियों अगली क्लास में प्रमोट कर दिया जाएगा। आमतौर पर स्कूली बच्चों की दिसंबर महीने में अर्धवार्षिेक परीक्षाएं होती हैं लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के चलते 31 दिसंबर तक केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार स्कूल बंद हैं। इस सम्बन्ध में सत्र 2020-2021 के लिए स्कूलों में पढ़ाई और परीक्षा की गाइडलाइन शिक्षा विभाग ने जारी कर दी है।
अन्य कक्षाओं की परीक्षा जून में संभव
राज्य में स्कूलों को खोलने के लिए अभी कुछ भी विभाग ने तय नहीं किया है। वहीं कक्षा 1 से 9 और 11वीं की परीक्षा जून में आयोजित होने की संभावना है। माना जा रहा है कि शिक्षा विभाग एक जुलाई से फिर से नया सत्र शुरू करने की कोशिश में है, ताकि शिक्षा सत्र 2021-22 पर कोविड का प्रभाव न रहे। इसीलिए पाठ्यक्रम भी कम कर दिया गया है। वहीं अन्य कक्षाओं की परीक्षाएं जून में कराए जाने की उम्मीद है।
80 प्रतिशत अंक लिखित परीक्षा से मिलेंगे
परीक्षा पैटर्न में कुछ बदलाव किए गए हैं। 9वीं से 12वीं कक्षा तक वार्षिक परीक्षा के 80 प्रतिशत अंक लिखित परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए हैं जबकि 20 प्रतिशत आंतरिक मूल्यांकन के अंक इस बार होमवर्क बुक में किए गए कार्य के आधार पर मिलेंगे। होमवर्क बुक परीक्षा से पहले संबंधित स्कूल में स्टूडेंट्स को जमा करानी होगी।
घर पर ही ऑनलाइन तैयारी कर रहे हैं विद्यार्थी
उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी और राजस्थान में लॉकडाउन के बाद से ही शैक्षणिक संस्थान बंद हैं। ऐसे में 10वीं और 12वीं के लाखों विद्यार्थी या तो सेल्फ स्टेडी कर रहे हैं या फिर ऑनलाइन क्लासेज के जरिये तैयारी कर रहे हैं। अभी तक बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की अनिश्चितता के कारण विद्यार्थी परेशान हो रहे थे, लेकिर बोर्ड की ओर से तारीखों की घोषणा के बाद विद्यार्थियों को राहत मिली है।



The information on website is very prompt
This will help all the aspiring candidates
धन्यवाद।